नई दिल्ली। देशभर में मौसम ने तेजी से करवट लेनी शुरू कर दी है, जिसका सीधा असर अब जनजीवन पर दिखने लगा है। एक तरफ जहाँ उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में सुबह-शाम की सर्द हवाओं और कोहरे ने ठिठुरन बढ़ा दी है, वहीं दूसरी तरफ पहाड़ों पर बर्फबारी के आसार बन रहे हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 22 नवंबर को देश के 12 राज्यों में तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात की संभावना जताई है। हिमाचल के कुल्लू, मनाली, चंबा, किन्नौर और कांगड़ा सहित उत्तराखंड के चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ में बर्फबारी होने से मैदानी राज्यों के तापमान में और गिरावट आएगी।
देश की राजधानी दिल्ली और एनसीआर (NCR) के इलाकों में रविवार की सुबह घने कोहरे और सर्द हवाओं के साथ हुई। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री रहने का अनुमान है, जिससे सुबह और रात के समय ठंड का असर अधिक महसूस होगा। नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी कोहरा छाए रहने की संभावना है। हालाँकि, दिल्लीवासियों के लिए सिर्फ ठंड ही नहीं, बल्कि बढ़ता प्रदूषण भी एक बड़ी चुनौती बना हुआ है। रविवार को राजधानी का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 360 दर्ज किया गया, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है।
दिल्ली-एनसीआर से आगे बढ़ें तो उत्तर प्रदेश और बिहार में भी मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है। उत्तर प्रदेश के आगरा, मथुरा, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, बरेली, पीलीभीत, बदायूं, रामपुर और सहारनपुर में ठंडी हवाओं के साथ बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान कुछ इलाकों में 35 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि पूर्वी यूपी के लिए घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम 18 डिग्री रहने की उम्मीद है। उधर, बिहार के मुंगेर, बेगूसराय, किशनगंज, अररिया, गया, नालंदा और गोपालगंज समेत कई जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश की आशंका है, जहाँ हवा की गति 60 किमी प्रति घंटा तक पहुँच सकती है। पटना में अधिकतम तापमान 25 और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।
उत्तर भारत की सर्दी और बारिश के बीच पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के राज्यों में भी मौसम विभाग ने व्यापक चेतावनी जारी की है। झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, असम, मेघालय, मणिपुर और नागालैंड में बारिश का पूर्वानुमान है। विशेष रूप से असम और मेघालय में भारी बारिश के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का अलर्ट है। दक्षिण भारत की बात करें तो तमिलनाडु के चेन्नई, तिरुवल्लूर, चेंगलपट्टू, विल्लुपुरम, कुड्डालोर, तंजावुर, तिरुवरुर, नागपट्टिनम, पुदुकोट्टई और रामनाथपुरम में मध्यम बारिश हो सकती है।
आगामी दिनों के लिए भी मौसम विभाग ने सतर्क रहने की सलाह दी है। पूर्वानुमान के मुताबिक, 23 से 27 नवंबर के बीच तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भारी बारिश का दौर जारी रहेगा, जिस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटा की गति से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा, केरल में भी 24 से 26 नवंबर तक मूसलाधार बारिश होने की प्रबल संभावना जताई गई है।
