भोपाल। छत्तीसगढ़ के बाजारों में मिलावटी और संदिग्ध खाद्य सामग्री खपाने की एक बड़ी कोशिश को साल्हेवारा पुलिस ने अपनी सतर्कता से नाकाम कर दिया है। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से रायपुर ले जाई जा रही 1500 किलोग्राम संदिग्ध पनीर की बड़ी खेप को पुलिस ने जांच के दौरान धर दबोचा। यह कार्रवाई गुरुवार शाम करीब सात बजे साल्हेवारा थाने के सामने स्थित चेकपोस्ट पर नियमित वाहन चेकिंग के दौरान की गई।
पुलिस टीम ने संदेह के आधार पर भोपाल से आ रही एक महिंद्रा पिकअप (क्रमांक एमपी 04 डब्ल्यूसी 8384) को रोका। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 50-50 किलो वजन के 30 कार्टून लदे मिले, जिनमें कुल 1500 किलो पनीर भरा हुआ था। प्रारंभिक पूछताछ में वाहन चालक शिशुपाल ने बताया कि वह यह खेप भोपाल के ट्रांसपोर्ट नगर से लोड कर रायपुर के भाठागांव स्थित आशीष जायसवाल की दुकान पर पहुंचाने जा रहा था। हालांकि, चालक पनीर की गुणवत्ता और शुद्धता से जुड़ा कोई भी वैध दस्तावेज पुलिस के समक्ष प्रस्तुत नहीं कर सका।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग को सूचना दी और पिकअप वाहन को जांच के लिए जिला मुख्यालय लाया गया। मौके पर पहुंचे खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक धृतलहरें ने खेप का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि दस्तावेजों के अभाव और पनीर की बनावट को देखते हुए प्रथम दृष्टया इसके ‘एनालॉग पनीर’ (सिंथेटिक या वनस्पति वसा से निर्मित पनीर) होने की प्रबल आशंका है।
विभाग ने पारदर्शी कार्रवाई करते हुए पनीर के विधिक नमूने एकत्र कर लिए हैं, जिन्हें परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि लैब रिपोर्ट आने के बाद ही पनीर की वास्तविक गुणवत्ता स्पष्ट हो सकेगी, जिसके आधार पर दोषियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम के तहत सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अंतरराज्यीय स्तर पर हो रही इस संदिग्ध आपूर्ति के पकड़े जाने के बाद स्थानीय बाजारों में बिकने वाले डेयरी उत्पादों की शुद्धता को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
