अम्बिकापुर। सरगुजा संभाग के क्रिकेट प्रेमियों के बहुप्रतीक्षित टूर्नामेंट ‘सरगुजा संभाग प्रीमियर लीग’ (एसएसपीएल) 2026 का बुधवार, 18 नवंबर को भव्य शुभारंभ हुआ। इस गौरवशाली उद्घाटन समारोह में शहर की प्रथम नागरिक एवं महापौर मंजूषा भगत, जिला पंचायत सदस्य दिव्या सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश देवांगन, एमआईसी सदस्य श्री मनीष सिंह, वार्ड पार्षद शैलू सिंह, दीपक यादव, वरिष्ठ पत्रकार अमितेश पांडे तथा बास्केटबॉल के राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह ने बतौर अतिथि शिरकत कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

टूर्नामेंट के उद्घाटन दिवस पर दो रोमांचक मुकाबले खेले गए। पहला मैच सूरजपुर वॉरियर्स और बशीर नाइट राइडर्स के बीच हुआ, जिसमें सूरजपुर वॉरियर्स ने दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। इस मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी जुनैद को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। उल्लेखनीय है कि जुनैद इस सीजन की नीलामी में टूर्नामेंट के सबसे महंगे खिलाड़ी भी रहे हैं।

दिन का दूसरा मुकाबला सूरजपुर वॉरियर्स और एमएनजी इलेवन के बीच खेला गया। कांटे की टक्कर वाले इस रोमांचक मैच में एमएनजी इलेवन ने बाजी मारी। एमएनजी इलेवन की इस जीत के मुख्य सूत्रधार मुकेश रहे, जिन्होंने आक्रामक और सधी हुई बल्लेबाजी से अपनी टीम को जीत दिलाई, जिसके लिए उन्हें ‘मैन ऑफ द मैच’ के खिताब से नवाजा गया। दूसरे मुकाबले के दौरान टूर्नामेंट के संरक्षक श्री विंदेश्वर शरण सिंह देव (विंकी बाबा) की विशेष उपस्थिति रही। आयोजन समिति के अनुसार, आगामी दिनों में होने वाले मुकाबलों से संभाग के उभरते क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा दिखाने का एक बड़ा मंच मिलेगा।
