रायपुर। पथ विक्रेताओं (स्ट्रीट वेंडर्स) को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान मिली है। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के सफल क्रियान्वयन हेतु छत्तीसगढ़ राज्य सहित प्रदेश के तीन नगरीय निकायों बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा का चयन प्रतिष्ठित ‘स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026’ के लिए किया गया है। आगामी 20 नवंबर को नई दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित भव्य समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा ये चार राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने जानकारी देते हुए बताया कि केंद्रीय मंत्रालय से इस संबंध में आधिकारिक पत्र प्राप्त हो चुका है। भारत सरकार ने इस गौरवपूर्ण अवसर पर पुरस्कार ग्रहण करने के लिए राज्य शासन और चयनित तीनों नगरीय निकायों के दस सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को विशेष रूप से नई दिल्ली आमंत्रित किया है।
इस राष्ट्रीय उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा विकास मंत्री अरुण साव ने सभी चयनित नगरीय निकायों और विभागीय अधिकारियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ को एक साथ चार राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। यह सम्मान इस बात का प्रमाण है कि राज्य के नगरीय निकाय जमीनी स्तर पर पथ विक्रेताओं के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहे हैं।
श्री साव ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की इस महत्वाकांक्षी योजना से छोटे व्यवसायियों को संबल मिल रहा है और यह राष्ट्रीय सम्मान भविष्य में निकायों को और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा।
