जशपुर/कुनकुरी। सूर्योपासना और लोक आस्था के महापर्व छठ के पावन अवसर पर सोमवार सुबह मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने अपनी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय के साथ जशपुर जिले के कुनकुरी स्थित छठ घाट पर उगते सूर्य देव को ‘उषा अर्घ्य’ अर्पित किया। इस दौरान उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर समस्त प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
घाट पर उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रदेशवासियों को छठ पूजा की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, “यह मेरे लिए अत्यंत सौभाग्य का विषय है कि मुझे अपने कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र के परिवारजनों के बीच इस महापर्व में शामिल होने का अवसर प्राप्त हुआ है। यहाँ के लोगों में छठ पर्व के प्रति गहरी आस्था और अटूट श्रद्धा है।” मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि छठ पूजा लोक आस्था, पवित्रता और समर्पण का अनुपम उदाहरण है, जो हमें प्रकृति, जल और जीवनदाता सूर्यदेव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की प्रेरणा देता है।
छठ घाट पर सुबह से ही श्रद्धालुओं और व्रतियों का भारी उत्साह देखने को मिला। इस पावन अवसर पर जशपुर कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेंद सिंह, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण और बड़ी संख्या में छठ व्रती महिलाएं एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि चार दिनों तक चलने वाला छठ महापर्व हिंदू धर्म के सबसे कठिन और पवित्र व्रतों में से एक है, जो भगवान सूर्यदेव और छठी मैया को समर्पित है। इस अनुष्ठान की शुरुआत ‘नहाय-खाय’ से होती है, जिसके दूसरे दिन ‘खरना’ पर व्रती दिनभर निर्जला उपवास रखकर शाम को गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण करते हैं। तीसरे दिन अस्ताचलगामी (डूबते) सूर्य को संध्या अर्घ्य दिया जाता है और चौथे दिन उगते सूर्य को उषा अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही इस महापर्व का समापन होता है। मान्यता है कि इस व्रत से संतान की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और परिवार में सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त होता है।
