अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के उदयपुर विकासखंड में हाथियों के दल की सक्रिय मौजूदगी और संभावित खतरे को देखते हुए शिक्षा विभाग ने सतर्कता बरतते हुए बड़ा कदम उठाया है। विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) कार्यालय, उदयपुर द्वारा सोमवार, 16 नवंबर 2026 को क्षेत्र के चार संकुलों के अंतर्गत संचालित 20 स्कूलों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है।
प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, हाथियों की निरंतर आवाजाही वाले प्रभावित क्षेत्रों के प्राथमिक, माध्यमिक और हाई स्कूलों को एहतियात के तौर पर बंद रखने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत उदयपुर संकुल की माध्यमिक शाला बेलढाब, प्राथमिक शाला बेलढाब और प्राथमिक शाला जुनापारा में आज कक्षाएं नहीं लगेंगी। वहीं, सर्वाधिक प्रभावित चकेरी संकुल के अंतर्गत हाई स्कूल चकेरी, माध्यमिक शाला चकेरी व बसेन सहित प्राथमिक शाला चकेरी, आमाडुगु, छिंदवारिपारा, तिलहरडुगु, सरमा, तेंदूटिकरा और बसेन को बंद रखा गया है।
इसी क्रम में दावा संकुल की माध्यमिक शाला व प्राथमिक शाला मनोहरपुर, माध्यमिक व प्राथमिक शाला दावा तथा प्राथमिक शाला बोंगरू और रायचुआ में भी अवकाश रहेगा। इसके अतिरिक्त डांडगांव संकुल की प्राथमिक शाला पटेलपारा में भी आज पठन-पाठन स्थगित रखा गया है।
शिक्षा विभाग ने सभी संबंधित संकुल समन्वयकों, प्रधानपाठकों और शिक्षकों को निर्देशित किया है कि वे इस आदेश की सूचना तत्काल अभिभावकों और विद्यार्थियों तक पहुंचाएं। साथ ही, ग्रामीणों से भी अपील की गई है कि वे हाथियों की आवाजाही को देखते हुए सतर्क रहें और बच्चों को जंगल या प्रभावित क्षेत्रों की ओर न जाने दें।
