रायपुर। छत्तीसगढ़ में राजस्व कार्यों में लापरवाही और भूमि अभिलेखों में अनियमितता बरतने वाले मैदानी अमले पर प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। प्रदेश के दो अलग-अलग जिलों जांजगीर-चांपा और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल सात पटवारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही, अनिश्चितकालीन हड़ताल पर डटे 57 पटवारियों का अक्टूबर माह का वेतन भी रोक दिया गया है।
जांजगीर-चांपा जिले में डिजिटल भूमि अभिलेख (भुइयां आईडी) का दुरुपयोग कर बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के जमीन का रकबा बदलने के गंभीर आरोप में चार पटवारियों पर गाज गिरी है। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पामगढ़ ने लॉग रिपोर्ट की जांच के बाद पामगढ़ तहसील के पटवारी महादेव देवांगन, मोहन साहू और अमृतलाल रात्रे को निलंबित किया है। इन तीनों ने कारण बताओ नोटिस का जवाब तक देना उचित नहीं समझा। वहीं, चांपा अनुविभाग के ग्राम सरवानी में खसरा नंबर 450/1 और 450/2 के रकबे में अवैध छेड़छाड़ की पुष्टि होने पर एसडीएम चांपा ने पटवारी केशव सिंह मरावी को निलंबित कर उनके विरुद्ध विभागीय जांच शुरू कर दी है। निलंबन अवधि में पामगढ़ के तीनों पटवारियों का मुख्यालय तहसील कार्यालय पामगढ़ की कानूनगो शाखा और मरावी का मुख्यालय तहसील कार्यालय सारागांव तय किया गया है।
दूसरी ओर, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में हड़ताल और शासकीय कार्यों की अनदेखी करने वाले पटवारियों के खिलाफ प्रशासन ने आर-पार की कार्रवाई शुरू कर दी है। 13 अक्टूबर से हड़ताल पर चल रहे पटवारियों के कारण धान खरीदी से जुड़े डिजिटल क्रॉप सर्वे, गिरदावरी, एग्रीस्टैक किसान पंजीयन और स्वामित्व योजना जैसे अहम कार्य ठप पड़े हैं। प्रशासन ने गंडई, छुईखदान और साल्हेवारा तहसीलों के हड़ताली पटवारियों को अंतिम कारण बताओ नोटिस जारी कर चेतावनी दी है कि काम पर न लौटने पर ‘कार्य नहीं तो वेतन नहीं’ के सिद्धांत के साथ सेवा समाप्ति तक की कार्रवाई की जाएगी। इसी कड़ी में हड़ताल पर गए जिले के 57 पटवारियों का अक्टूबर माह का वेतन आहरण रोक दिया गया है।
खैरागढ़ प्रशासन ने कार्यों में घोर लापरवाही बरतने वाले तीन पटवारियों को भी निलंबित कर दिया है। इनमें खैरागढ़ तहसील के पटवारी आकाश सिंह राजपूत को स्वामित्व योजना के प्रतिवेदन दबाने और धान पंजीयन के आवेदन लंबित रखने, छुईखदान की पटवारी वाणी झा को डिजिटल क्रॉप सर्वे व किसान पंजीयन में पिछड़ने, तथा साल्हेवारा के पटवारी अमित श्रीवास्तव को आदेश के एक महीने बाद भी कुम्हरवाड़ा का अतिरिक्त प्रभार ग्रहण न करने के आरोप में निलंबित किया गया है। निलंबित किए गए सभी सातों पटवारियों पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के तहत कार्रवाई की गई है। खैरागढ़ जिले के तीनों निलंबित पटवारियों को संबंधित तहसील कार्यालयों में रोजाना उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं, हालांकि नियमानुसार सभी को जीवन-निर्वाह भत्ता मिलता रहेगा।
