अम्बिकापुर। संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय की महिला बास्केटबॉल टीम एक बार फिर राष्ट्रीय फलक पर अपनी चमक बिखेरने के लिए तैयार है। त्रिपुरा विश्वविद्यालय में 11 से 15 नवंबर तक आयोजित होने वाली ‘ईस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी महिला बास्केटबॉल प्रतियोगिता’ में हिस्सा लेने के लिए विश्वविद्यालय की 12 सदस्यीय टीम उत्साह और कड़े अभ्यास के साथ त्रिपुरा रवाना हो गई है।
सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ की जिन 12 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने टीम में जगह बनाई है, उनमें साक्षी तिर्की, प्रीति मिंज, सुष्मिता चौहान, रिमझिम मिश्रा, संशिता एक्का, हिमांशी सिंह, आकांक्षा किस्पोट्टा, श्रेया दास, रिबिका लकड़ा, प्रिया जायसवाल, कुमकुम पैकरा और सोनाली तिर्की शामिल हैं। टीम के रणनीतिक मार्गदर्शन और प्रबंधन की जिम्मेदारी के.आर. टेक्निकल कॉलेज के क्रीड़ाधिकारी रजत सिंह (कोच) तथा होली क्रॉस कॉलेज की क्रीड़ाधिकारी राधा खलखो (मैनेजर) को सौंपी गई है।
खिलाड़ियों के समर्पण और पिछले इतिहास पर रोशनी डालते हुए राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि बीते वर्ष संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय की टीम ने ईस्ट जोन प्रतियोगिता में कांस्य पदक (तृतीय स्थान) जीतकर ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी स्तर के लिए क्वालीफाई किया था। गांधी स्टेडियम में लगातार पसीना बहा रही इन खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत को देखते हुए इस साल टीम से स्वर्ण पदक और भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।
स्थानीय खेल प्रेमियों और समाजसेवियों में भी इस दल को लेकर खासा उत्साह है। वरिष्ठ खिलाड़ी व समाजसेवी संजय अग्रवाल ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए इसे पूरे सरगुजा संभाग के लिए गौरवशाली पल बताया। वहीं जिला बास्केटबॉल संघ के निशांत सिंह गोल्डी, के.पी. सिंह, गौरव सिंह, सौरभ सिन्हा सहित विश्वविद्यालय और के.आर. टेक्निकल कॉलेज परिवार ने उम्मीद जताई है कि यह टीम अपने शानदार खेल से क्षेत्र का नाम पूरे देश में रोशन करेगी।
