अम्बिकापुर। सरगुजा जिले में पुलिस प्रशासन को नया अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) मिला है। राजेश देवांगन को गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले से स्थानांतरित कर सरगुजा में पदस्थ किया गया है। वे इससे पहले गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में एसडीओपी के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। पुलिस विभाग में हुए प्रशासनिक फेरबदल के बाद उन्हें सरगुजा में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
राजेश देवांगन छत्तीसगढ़ पुलिस के वर्ष 2015 बैच के डीएसपी अधिकारी हैं। वर्ष 2026 में उन्हें डीएसपी से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) पद पर पदोन्नति मिली है। अपने सेवाकाल के दौरान वे दंतेवाड़ा, नारायणपुर और महासमुंद जैसे जिलों में विभिन्न जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। इसके अलावा रायपुर के पुरानी बस्ती क्षेत्र में सीएसपी के रूप में भी उन्होंने कार्य किया है।
पुलिसिंग के क्षेत्र में राजेश देवांगन को एक निडर, परिपक्व और मिलनसार अधिकारी के रूप में जाना जाता है। सामाजिक परिस्थितियों और स्थानीय संरचना को समझते हुए अपराध नियंत्रण तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने की उनकी कार्यशैली चर्चा में रही है। पुलिसिंग की बारीकियों और मैदानी परिस्थितियों के अनुरूप कार्य करने का अनुभव भी उनके पास है।
अब सरगुजा जैसे महत्वपूर्ण जिले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी उनके सामने होगी। अंबिकापुर सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना, अपराध नियंत्रण, पुलिसिंग में बेहतर समन्वय और आम जनता के बीच पुलिस के प्रति विश्वास कायम रखना उनकी प्राथमिक चुनौतियों में शामिल रहेगा।
अब देखना होगा कि नए ASP राजेश देवांगन की कार्यशैली सरगुजा की पुलिसिंग को किस तरह नई दिशा देती है।
