रायपुर। खुशियों का माहौल चंद पलों में मातम में तब्दील हो गया, जब राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र स्थित अग्रसेन धाम चौक के पास आधी रात एक भीषण सड़क हादसा घटित हुआ। नया रायपुर में अपनी भतीजी की शादी की खुशियां मनाकर घर लौट रहे श्याम नगर निवासी भसीन परिवार की बलेनो कार को विपरीत दिशा से आ रही अनियंत्रित स्कोडा कार ने जोरदार टक्कर मार दी।
पुलिस के अनुसार स्कोडा कार को नशे में धुत युवक बेहद तेज रफ्तार में दौड़ा रहे थे। यह टक्कर इतनी भयानक थी कि बलेनो कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार 60 वर्षीय नरेंद्र सिंह भसीन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं कार में मौजूद एक महिला और दो मासूम बच्चे लहूलुहान अवस्था में गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें राहगीरों व पुलिस की मदद से तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची तेलीबांधा थाना पुलिस ने स्कोडा कार को जब्त कर उसमें सवार सभी युवकों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने कानूनी साक्ष्य जुटाने के लिए सभी आरोपियों को मेडिकल परीक्षण (मुलाहजा) के लिए भेजा है, जिससे उनके शरीर में अल्कोहल के स्तर की आधिकारिक पुष्टि की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह केवल एक दुर्घटना नहीं बल्कि नशे की हालत में कानून को ताक पर रखकर दूसरों की जान को खतरे में डालने का गंभीर कृत्य है। पुलिस आरोपियों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या और नशे की हालत में खतरनाक तरीके से ड्राइविंग करने से जुड़ी सख्त कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
