रायगढ़। जिले में नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अफीम की तस्करी कर रहे एक युवक को रंगे हाथों धर दबोचा है। पकड़े गए आरोपी के पास से 47 ग्राम मादक पदार्थ अफीम और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक ब्रेज़ा कार जब्त की गई है। आरोपी की पहचान अमरजीत सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि एक युवक ब्रेज़ा कार में मादक पदार्थ लेकर ढिमरापुर चौक के पास किसी ग्राहक का इंतजार कर रहा है और बड़ी डील करने की फिराक में है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम ने इलाके की घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रुकवाया। तलाशी लेने पर कार सवार अमरजीत सिंह के कब्जे से 47 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल प्रभाव से कार और अफीम को जब्त करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया।
गौरतलब है कि रायगढ़ जिला पुलिस लगातार नशा तस्करों के नेटवर्क को ध्वस्त करने में जुटी हुई है। इसी वर्ष जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस ने बड़े पैमाने पर की जा रही अफीम की अवैध खेती का भी भंडाफोड़ किया था। फिलहाल पुलिस आरोपी अमरजीत सिंह के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ कर रही है, ताकि इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य सप्लायरों और खरीदारों का सुराग लगाया जा सके।
