अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पुटा में रिश्तों को तार-तार कर देने वाली दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक कलयुगी बेटे ने घरेलू विवाद में अपने ही 70 वर्षीय पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। शुक्रवार दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच घर के आंगन में किसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद शुरू हुआ था, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया।
तैश में आकर 43 वर्षीय आरोपी पुत्र परबल ने अपने बुजुर्ग पिता पर हाथ, लात और घूंसों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोटें आने से बुजुर्ग ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी पत्नी को लेकर सूरजपुर जिले के जयनगर भाग निकला।
घटना के वक्त बुजुर्ग की पत्नी घर पर मौजूद नहीं थीं। देर शाम जब वह घर लौटीं, तो आंगन में पति का रक्तरंजित शव देखकर उनके होश उड़ गए। उनके चीखने-चिल्लाने पर आसपास के ग्रामीण इकट्ठा हुए। इसके बाद पुटा सरपंच नंदाराम ने रात करीब 9 बजे उदयपुर थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत सक्रिय हुई और आरोपी की तलाश में दबिश देनी शुरू की। रात करीब 1 बजे सघन खोजबीन के बाद पुलिस ने आरोपी परबल को जयनगर से घेराबंदी कर हिरासत में ले लिया।
उदयपुर थाना प्रभारी शिशिरकांत सिंह के अनुसार, फोरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल और शव की बारीकी से जांच पूरी कर ली गई है। फिलहाल शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) उदयपुर की मर्चुरी में रखवाया गया है, जहां दोपहर में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी और पुलिस हिरासत में लेकर आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है।
