अम्बिकापुर..(सीतापुर/अनिल उपाध्याय)..उप तहसील कार्यालय में अव्यवस्था को लेकर अधिवक्ता ऋषिराज सिंह का धरना प्रदर्शन एवं अधिवक्ता संघ का समर्थन मिलने से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया था।घँटों चले इस धरना प्रदर्शन के बाद अधिवक्ता संघ और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच आपसी सहमति के बाद धरना प्रदर्शन समाप्त हुआ।इस धरना प्रदर्शन के बाद अधिवक्ता संघ द्वारा लिंक कोर्ट की मांग को एसडीएम ने हरी झंडी देते हुए मान ली है।लिंक कोर्ट की मांग पूरी होने पर अधिवक्ता संघ ने एसडीएम के प्रति आभार जताया है।
विदित हो कि विकासखंड मैनपाट के उप तहसील राजापुर में अव्यवस्था का आरोप लगाते हुए अधिवक्ता ऋषिराज सिंह उप तहसील कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए थे।अधिवक्ता का आरोप था कि यहाँ पदस्थ नायब तहसीलदार कार्यालय में ज्यादातर अनुपस्थित रहते हैं।जिसकी वजह से उपतहसील कार्यालय का कामकाज काफी प्रभावित हो गया है।समय पर काम नही होने से दूर दराज क्षेत्र से आने वाले पक्षकार भी काफी परेशान हो गए है।अधिवक्ता द्वारा कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन की खबर सुन देर शाम नायब तहसीलदार भी मौके पर पहुँच गये।
वही यह खबर जब अधिवक्ता संघ को मिली तो वो भी धरना प्रदर्शन को अपना समर्थन देने उपतहसील कार्यालय राजापुर जा पहुँचे।इस दौरान नायब तहसीलदार ने धरने पर बैठे अधिवक्ता को मनाने की भरपूर कोशिश की पर वो नही माने और अपना धरना प्रदर्शन जारी रखा।यह बात जब जब उच्चाधिकारियों को पता चला तो प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया और इस धरना प्रदर्शन को खत्म कराने की कोशिशें शुरू हो गई।इस बीच नायब तहसीलदार और अधिवक्ता संघ के बीच घंटो चर्चा के बाद भी कोई समाधान नहीं निकला।अधिवक्ता संघ वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर बुलाना चाह रहे थे ताकि उनके समक्ष वो अपनी बात रख सके।
आखिरकार एसडीएम ने मोर्चा संभाला और धरने पर बैठे अधिवक्ता समेत अधिवक्ता संघ से बात की।दोनों पक्षों के बीच हुई बातचीत के दौरान अधिवक्ता संघ ने उपतहसील कार्यालय का लिंक कोर्ट सप्ताह में एक दिन तहसील कार्यालय सीतापुर में खोलने की मांग रखी।इसके अलावा उन्होंने तहसीलदार स्तर के अधिकारी को मौके पर भेजने की मांग की ताकि उनकी मौजूदगी में धरना प्रदर्शन समाप्त किया जा सके।
एसडीएम ने अधिवक्ता संघ की दोनों मांगो पर सहमति जताते हुए अपने प्रतिनिधि के तौर पर दो नायब तहसीलदार उमेश तिवारी एवं राजेश यादव को मौके पर भेजा।उनके आते ही आपसी बातचीत के जरिये शिकवा शिकायत दूर करते हुए धरना प्रदर्शन को खत्म कराया गया।जिसके बाद लगभग सात घँटे तक धरने पर बैठे अधिवक्ता ऋषिराज सिंह ने रात 10 बजे अपना धरना प्रदर्शन खत्म किया।
मंगलवार को तहसील कार्यालय में लगेगा लिंक कोर्ट
अधिवक्ता संघ की मांग पर मुहर लगाते हुए एसडीएम प्राची ठाकुर ने लिंक कोर्ट को अपनी हरी झंडी दे दी है।इस संबंध में एसडीएम ने आदेश जारी करते हुए प्रत्येक मंगलवार को उपतहसील राजापुर का लिंक कोर्ट तहसील कार्यालय सीतापुर में लगाने की अनुमति दे दी है।लिंक कोर्ट का आदेश जारी होते ही अधिवक्ता संघ ने एसडीएम के प्रति आभार जताते हुए कहा कि हमारी वर्षो पुरानी मांग पूरी हो गई।
इस दौरान अधिवक्ता के के दुबे संतोष गुप्ता विजय गुप्ता ऋषि गुप्ता सुनील गुप्ता घनश्याम गुप्ता देवेंद्र गुप्ता शिव गुप्ता अरुण सोनी अर्णव गुप्ता गोपाल गुप्ता जरहु मिंज रश्मि गुप्ता गोपी उपाध्याय द्वारिका दास समेत अन्य अधिवक्ता उपस्थित थे।
