धमतरी। अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम मुजगहन में बुधवार की रात खूनी संघर्ष में तब्दील हो गई, जब अज्ञात हमलावरों ने दो युवकों पर चाकू से प्राणघातक हमला बोल दिया। इस हमले में मुजगहन के पूर्व सरपंच चंद्रशेखर साहू के बेटे दीपांशु साहू उर्फ दीप साहू की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका साथी विक्की साहू गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज जारी है। वारदात को अंजाम देकर हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए, जिससे पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है।
इस खूनी वारदात के तार नवंबर 2024 में हुए एक चर्चित हत्याकांड से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। गौरतलब है कि उस दौरान गांव के ही अमितपुरी गोस्वामी की कथित तौर पर घूरने के मामूली विवाद में हत्या कर शव तालाब में फेंक दिया गया था, जिसमें मुख्य आरोपी के रूप में दीपांशु साहू को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था। दीपांशु हाल ही में जमानत पर बाहर आया था, जिसके चलते ग्रामीण और प्रत्यक्षदर्शी इस हमले को सीधे तौर पर पुरानी अदावत और बदले की कार्रवाई मान रहे हैं।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। अर्जुनी थाना प्रभारी चंद्रकांत साहू के अनुसार, पुलिस की कई टीमें आरोपियों की धरपकड़ और पहचान के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से बारीकी से विवेचना की जा रही है और जल्द ही पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
