रायपुर/चंडीगढ़। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के प्रतिष्ठित राइस मिल संचालक दीपक मित्तल (56) का शव बुधवार सुबह चंडीगढ़ स्थित फाइव स्टार ताज होटल के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। वे मार्कफेड की एक महत्वपूर्ण व्यावसायिक बैठक में शामिल होने के लिए चंडीगढ़ पहुंचे हुए थे। सुबह जैसे ही होटल में कारोबारी की मृत्यु की खबर फैली, हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सेक्टर-17 थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
घटना का खुलासा सुबह करीब 6 बजे हुआ, जब होटल का एक रूम अटेंडेंट सेवा देने के लिए उनके कमरे में पहुंचा। कमरे का मुख्य दरवाजा खुला हुआ था और भीतर दीपक मित्तल बिस्तर पर अचेत अवस्था में पड़े थे। स्टाफ कर्मी द्वारा आवाज देने और उठाने की कोशिश के बावजूद जब उनके शरीर में कोई हरकत नहीं हुई, तो उसने फौरन होटल प्रबंधन को अलर्ट किया। प्रबंधन आनन-फानन में उन्हें नजदीकी अस्पताल ले गया, जहां चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने कमरे को सील कर फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए हैं। कारोबारी के शव को पोस्टमार्टम और अग्रिम पंचनामा कार्रवाई के लिए सेक्टर-16 स्थित सरकारी अस्पताल के शवगृह (मॉर्च्युरी) में रखवा दिया गया है। पुलिस होटल के सीसीटीवी फुटेज और कमरे में आने-जाने वालों की जानकारी खंगाल रही है, साथ ही परिजनों को सूचना भेज दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
