कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में नेशनल हाईवे-130 पर बुधवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार की जान चली गई। हादसा बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत बरपाली और पोड़ी के बीच सुबह करीब 10:30 बजे हुआ, जब एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रेलर ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सीधे ट्रेलर के पहियों के नीचे आ गया और उसे संभलने तक का अवसर नहीं मिला। अत्यधिक रक्तस्राव और गंभीर चोटों के चलते उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
दुर्घटना के तुरंत बाद चालक अपने भारी वाहन को बीच सड़क पर ही छोड़कर मौके से फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा व पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं और आसपास के गांवों व थानों में इसकी सूचना भेज दी गई है। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर वाहन को जब्त कर लिया है तथा घटना के सही कारणों की जांच के साथ फरार चालक की तलाश में जुट गई है।
