कोरबा। बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक रावण दहन संपन्न होते ही कोरबा का मानिकपुर क्षेत्र एक जघन्य हत्याकांड से दहल उठा। मुड़ापार बाजार के समीप रावण दहन मैदान के पीछे स्थित बस्ती में एक पुराने पेड़ की छांव तले कुछ युवकों के बीच मामूली बात पर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया।
विवाद गहराते ही हमलावरों ने एक युवक को घेरकर चाकुओं से ताबड़तोड़ आधा दर्जन से अधिक वार कर दिए। अत्यधिक रक्तस्राव और गंभीर चोटों के कारण लहूलुहान युवक ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। त्योहार की रात हुए इस नृशंस कत्ल से पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना पर हरकत में आई मानिकपुर चौकी पुलिस ने उच्चाधिकारियों के निर्देश पर तत्काल घेराबंदी शुरू की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी, कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू और चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने भारी पुलिस बल के साथ मौका-ए-वारदात का मुआयना किया।
पुलिस की अलग-अलग टीमों ने रातभर आरोपियों के संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश देकर तीन मुख्य हमलावरों को दबोच लिया, जबकि वारदात में शामिल चौथे फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सघन तलाश अभियान जारी है। पुलिस हिरासत में लिए गए आरोपियों से विवाद की असल वजह और घटना की कड़ियों को लेकर गहन पूछताछ कर रही है।
