अम्बिकापुर..(सीतापुर/अनिल उपाध्याय)..विजयादशमी का पर्व दो परिवारों के लिए जिंदगी भर का मातम बन गया। दशहरा मेला देखकर मोपेड से घर लौट रहे तीन युवकों को विपरीत दिशा से आ रहे सरिया लदे एक अनियंत्रित ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे में दो नाबालिग किशोरों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि मोपेड चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसा बुधवार तड़के करीब 5 बजे काराबेल स्थित बिजली सब-स्टेशन के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, ग्राम सोनातराई (सड़कपारा) निवासी 25 वर्षीय योगेश कुमार अपने दो नाबालिग साथियों सूर्यकांत पैंकरा (15 वर्ष, पिता हरिलाल पैंकरा) और पवन मांझी (16 वर्ष, पिता सुशीत मांझी) के साथ मंगलवार दोपहर 12 बजे बतौली विकासखंड के शांतिपारा में दशहरा मेला देखने गए थे। रातभर मेला देखने के बाद तीनों बुधवार की सुबह मोपेड (क्रमांक CG 15 DR 2726) से वापस लौट रहे थे।
इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रहे सरिया लदे ट्रेलर (क्रमांक HR 38 AM 9613) ने गलत दिशा में आकर मोपेड को सीधी टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि चालक योगेश उछलकर सड़क किनारे जा गिरा, जबकि पीछे बैठे दोनों किशोर सीधे ट्रेलर के भारी पहियों के नीचे आ गए। दोनों को रौंदते हुए ट्रेलर करीब सौ मीटर आगे जाकर रुका। हादसे के तुरंत बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही सीतापुर थाना प्रभारी प्रदीप जायसवाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों शवों को अस्पताल भिजवाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है और फरार चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। त्योहार के दिन एक साथ दो किशोरों की असमय मौत से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
