अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के ग्राम डांडगांव में रविवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया, जब अनियंत्रित होकर पीछे लुढ़का तेल टैंकर एक ढाबे के जलते हुए भट्ठे में जा घुसा। रायपुर से अम्बिकापुर की ओर जा रहे इस टैंकर का चालक दोपहर करीब 11:30 बजे सड़क किनारे एक होटल पर नाश्ता करने रुका था। इसी दौरान बिना चालक के टैंकर अचानक ढलान पर पीछे की ओर दौड़ने लगा और करीब 200 मीटर तक उल्टी दिशा में लुढ़कते हुए सीधे दूसरे ढाबे (अतुल होटल) के चूल्हे-भट्ठे में जा धंसा।
टैंकर के अनियंत्रित होते ही मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। पीछे लुढ़कते भारी-भरकम वाहन ने वहां नाश्ता कर रहे एक ग्राहक की रॉयल एनफील्ड (बुलेट) को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे बाइक टैंकर के पहियों के नीचे आकर चकनाचूर हो गई। टैंकर सीधे जलते हुए भट्ठे के मुहाने तक पहुंच गया था, जिससे ज्वलनशील तेल में विस्फोट का भारी खतरा पैदा हो गया था। हालांकि, होटल के कारीगर ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत भट्ठों पर पानी डालकर आग बुझा दी, जिससे एक भयानक औद्योगिक त्रासदी और जनहानि टल गई।
हादसे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक शिशिरकांत सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा और पूरे क्षेत्र को सील कर मोर्चा संभाला। तेल रिसाव या चिंगारी से होने वाले संभावित खतरे को भांपते हुए अदाणी कोल माइंस की दमकल टीम को भी फौरन तलब कर लिया गया। एहतियात के तौर पर पुलिस ने टैंकर के चारों ओर सुरक्षा घेरा बनाकर आम लोगों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी है और क्रेन की मदद से वाहन को सुरक्षित निकालने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
