सूरजपुर। शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर कुदरगढ़ धाम में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने खान-पान की गुणवत्ता को लेकर मोर्चा संभाल लिया है। भक्तों की सेहत से किसी भी तरह का खिलवाड़ न हो, इसे सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मेला परिसर में संचालित दुकानों, होटलों और ठेलों पर औचक दबिश दी। कलेक्टर रेना जमील के निर्देश पर अभिहित अधिकारी पुष्पा राज चौहान और खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपा साहू के नेतृत्व में की गई इस सघन जांच से मिलावटखोरों और लापरवाह दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
निरीक्षण के दौरान टीम ने खाद्य सामग्रियों की गुणवत्ता, निर्माण व एक्सपायरी तिथि और परिसरों की साफ-सफाई का बारीकी से मुआयना किया। जांच में एक दुकान से 10 पैकेट एक्सपायरी फ्रूट्स बरामद किए गए, जिन्हें जनस्वास्थ्य को खतरे में डालने वाला मानते हुए अधिकारियों ने तुरंत मौके पर ही नष्ट करवा दिया।
अधिकारियों ने मेला क्षेत्र के सभी खाद्य कारोबारियों को अखबार के पन्नों पर गर्म या तैलीय खाद्य सामग्री परोसने और पैक करने पर सख्त पाबंदी लगाने की ताकीद की, क्योंकि अखबार की स्याही में मौजूद जहरीले रसायन स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक होते हैं। इसके अलावा, मिठाइयों में केवल अनुमति प्राप्त सुरक्षित खाद्य रंगों के प्रयोग और कड़ाही में बार-बार एक ही तेल को खौलाने से बचने की सख्त हिदायत दी गई।
विभाग ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी है कि नवरात्रि मेले के दौरान यह निगरानी अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों की अनदेखी करने या अमानक खाद्य सामग्री बेचकर लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सीलिंग और कानूनी मुकदमे जैसी कठोर कार्रवाई की जाएगी।
