अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के लखनपुर थाना अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर ग्राम जजगा मोड़ के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। रायपुर से अंबिकापुर की ओर जा रही सब्जियों से लदी दो पिकअप गाड़ियां आपस में टकरा गईं। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि एक पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे 11 केवी बिजली के पोल को तोड़ते हुए गहरी खाई में जा गिरी। पोल टूटने से इलाके में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई। हादसे में पिकअप चालक को मामूली चोटें आईं, जिसे प्राथमिक उपचार दिया गया।
दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर मदद की जगह बदहाली का दृश्य देखने को मिला। खाई में गिरी पिकअप में टमाटर, फूलगोभी, हरी मिर्च और करेले से भरी क्रेट्स लदी हुई थीं। चोटिल ड्राइवर दर्द से कराहते हुए लोगों से सामान न उठाने की मिन्नतें करता रहा, लेकिन उसकी पुकार को अनसुना कर आसपास मौजूद लोग और राहगीर सब्जियों की बोरियां व ट्रे लेकर भागने लगे। देखते ही देखते पूरी गाड़ी खाली कर दी गई। सूचना पर डायल 112 की टीम सुबह करीब आठ बजे घटनास्थल पर पहुंची और मुआयना कर लौट गई, जिसके बाद भी वहां बची-खुची सब्जियों को समेटने की होड़ लगी रही। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है।
