रायपुर। राजधानी रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र स्थित अमलीडीह में शनिवार की देर रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब दुर्गा पंडाल के पास डीजे बजाने को लेकर हुए मामूली विवाद में एक 18 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात अमलीडीह के स्वर्ण जयंती चौक पर रात करीब 10:30 बजे हुई, जब स्थानीय लोग पंडाल में माता की प्रतिमा स्थापित कर रहे थे। मृतक की पहचान गौरव सेन (18 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से अमलीडीह का निवासी था और वर्तमान में टिकरापारा में रह रहा था।
पुलिस के अनुसार, प्रतिमा स्थापना के दौरान बज रहे डीजे को लेकर गौरव का एक नाबालिग से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि आवेश में आकर नाबालिग ने धारदार चाकू निकाला और गौरव पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले के बाद गौरव लहुलूहान होकर जमीन पर गिर पड़ा और आरोपी मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोग आनन-फानन में घायल गौरव को नजदीकी निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
त्योहार के माहौल में सरेराह हुई इस वारदात की सूचना मिलते ही राजेंद्र नगर थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच की टीम, डीसीपी नॉर्थ और डीसीपी क्राइम तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थल के पास से ही संदेही नाबालिग को देर रात हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान उसने वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और हत्या के पीछे की असल वजह व विवाद की कड़ियों को जोड़ने के लिए नाबालिग आरोपी से विस्तृत पूछताछ कर रही है।
