अम्बिकापुर। सोशल मीडिया पर कथित विवादित व भड़काऊ पोस्ट साझा करने के मामले में गिरफ्तार इन्फ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो को स्थानीय अदालत से बड़ी राहत मिली है। मामले की सुनवाई के बाद न्यायालय ने उनकी ज़मानत याचिका स्वीकार करते हुए रिहाई का आदेश जारी कर दिया। अदालत ने 50 हजार रुपये के निजी मुचलके और दो स्थानीय ज़मानतदारों की शर्त पर यह राहत प्रदान की है। इस फैसले के बाद उनके समर्थकों और परिजनों ने राहत की सांस ली है।
अदालत ने ज़मानत स्वीकार करते हुए कई सख्त पाबंदियां भी लगाई हैं। निर्देशों के अनुसार, आकांक्षा टोप्पो सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की विवादित या आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट नहीं कर सकेंगी। इसके साथ ही उन्हें पुलिस जांच में पूर्ण सहयोग करने, जांच अधिकारी के बुलावे पर तय समय पर उपस्थित होने तथा मामले से जुड़े किसी भी साक्ष्य के साथ छेड़छाड़ न करने की स्पष्ट हिदायत दी गई है।
अदालती आदेश के बाद विधिक और दस्तावेज़ी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। कानूनी प्रक्रिया संपन्न होते ही शनिवार सुबह अम्बिकापुर जेल से उनकी रिहाई की प्रक्रिया पूरी कर उन्हें मुक्त किया जाएगा।
