अम्बिकापुर। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने सरगुजा संभाग के दौरे पर अपने चिर-परिचित एक्शन मोड से प्रशासनिक अमले में हड़कंप मचा दिया। सुबह अचानक प्रोटोकॉल और सुरक्षा काफिला छोड़ डिप्टी सीएम खुद हेलमेट लगाकर स्कूटी पर सवार हो गए और सीधे अंबिकापुर की गलियों में सफाई व्यवस्था का जायजा लेने निकल पड़े।
सत्तीपारा इलाके में जगह-जगह लगे कचरे के ढेरों और ऐतिहासिक तालाब में फैली भीषण गंदगी को देखते ही उनका पारा चढ़ गया। जमीनी हकीकत से रूबरू होने के बाद उन्होंने मौके पर मौजूद महापौर मंजूषा भगत, निगम सभापति और अधिकारियों को सख्त हिदायत देते हुए तत्काल शहर की सूरत बदलने के निर्देश दिए।
जमीनी निरीक्षण के फौरन बाद कलेक्ट्रेट सभागार में सरगुजा और सूरजपुर जिले के आला अधिकारियों की हाई-वोल्टेज संयुक्त समीक्षा बैठक हुई। लोक निर्माण, नगरीय प्रशासन, पीएचई और खेल विभाग की समीक्षा करते हुए अरुण साव ने दो-टूक शब्दों में कहा कि जनहित के विकास कार्यों में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बारिश के बाद खस्ताहाल हो चुकी सड़कों की मरम्मत और गड्ढों की पैच-रिपेयरिंग को लेकर उन्होंने अल्टीमेटम जारी करते हुए आगामी त्योहारों से पहले हर हाल में काम पूरा करने का फरमान सुनाया। जल जीवन मिशन के अटके प्रोजेक्ट्स को समय-सीमा के भीतर निपटाने और ग्रामीण अंचलों में खेल अधोसंरचना को गति देने की हिदायत देते हुए उन्होंने अफसरों को नियमित फील्ड मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी सौंपी। बैठक में दोनों जिलों के कलेक्टर्स समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अफसर मौजूद रहे।
