कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा शहर स्थित सिटी कोतवाली क्षेत्र में उस वक्त भारी अफरा-तफरी मच गई, जब जंगल से भटककर पहुंचा एक तेंदुआ रिहायशी इलाके में स्थित स्नेहा क्लीनिक (हॉस्पिटल) के भीतर दाखिल हो गया। तेंदुए की मौजूदगी की खबर फैलते ही पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया और अस्पताल के बाहर देखते ही देखते हजारों लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन इस दौरान विभाग की तैयारियों की पोल खुल गई। कवर्धा वन विभाग के पास आपात स्थिति में ऐसे वन्यजीवों को सुरक्षित पकड़ने के लिए न तो कोई प्रशिक्षित विशेषज्ञ उपलब्ध है और न ही आवश्यक रेस्क्यू संसाधन मौजूद हैं।
फिलहाल तेंदुआ अस्पताल परिसर के भीतर ही मौजूद है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कानन पेंडारी (बिलासपुर) से वन्यजीव रेस्क्यू एक्सपर्ट्स की विशेष टीम को रवाना किया गया है, जिसके पहुंचने के बाद ही ऑपरेशन शुरू हो सकेगा। एहतियात के तौर पर पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और अनहोनी की आशंका को देखते हुए नागरिकों से घरों के भीतर रहने तथा मौके पर भीड़ न लगाने की सख्त अपील की जा रही है।
