कांकेर। छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा पर स्थित कारका नदी में पिकनिक मनाने के दौरान डूबे दोनों छात्रों के शव अंततः बरामद कर लिए गए हैं। पखांजूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत इरपनार गांव से नौ दोस्त पिकनिक मनाने नदी तट पर पहुंचे थे। गुरुवार को नहाने के दौरान दो छात्र गहरे पानी में समा गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों, गोताखोरों और कांकेर से पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने युद्धस्तर पर तलाशी अभियान शुरू किया।
नदी की अधिक गहराई और तेज बहाव के कारण खोजबीन में रेस्क्यू टीम को कड़ी मशक्कत का सामना करना पड़ा। 19 घंटे की निरंतर खोज के बाद शुक्रवार को एसडीआरएफ ने पखांजूर के गोपालपुर निवासी अभिजीत विश्वास का शव बाहर निकाला। वहीं, दूसरे छात्र पखांजूर के विकासपल्ली निवासी साहिल बर्मन की तलाश जारी रही। लगभग 30 घंटे तक चले मैराथन सर्च ऑपरेशन के बाद शनिवार को गोताखोरों ने साहिल का शव भी बरामद कर लिया। दोनों छात्रों के शवों को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए महाराष्ट्र के एटापल्ली भेज दिया गया है, जहां प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
