धमतरी। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) द्वारा आयोजित लैब असिस्टेंट भर्ती परीक्षा के प्रश्नपत्र को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। 20 सितंबर को आयोजित इस परीक्षा में सेन समाज की पारंपरिक पहचान और सामाजिक संदर्भ से जुड़ी एक लोकोक्ति को वस्तुनिष्ठ विकल्प के रूप में शामिल करने पर समाज ने तीव्र असंतोष व्यक्त किया है। मंगलवार को सर्व सेन समाज जिला धमतरी के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम अपर कलेक्टर इंदिरा सिंह को एक छह सूत्रीय ज्ञापन सौंपा, जिसमें मामले की उच्च स्तरीय जांच और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की गई है।
सर्व सेन समाज के जिलाध्यक्ष धनसिंह सेन, संरक्षक मोहित सेन तथा सचिव भगवानी राम शांडिल्य के नेतृत्व में पहुंचे समाज के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि प्रश्नपत्र में प्रयुक्त शब्दावली और विकल्प से पूरे समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। प्रतिनिधियों का कहना था कि भाषा ज्ञान से संबंधित प्रश्नों के लिए अनेक मानक एवं गरिमापूर्ण लोकोक्तियां उपलब्ध थीं, किंतु किसी विशेष जाति की पारंपरिक पहचान को अनावश्यक रूप से इस रूप में रेखांकित करना अनुचित है।
प्रतिनिधिमंडल ने व्यापमं की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि किसी भी भर्ती परीक्षा का प्रश्नपत्र बहुस्तरीय परीक्षण, समीक्षा और उच्च अधिकारियों के अंतिम अनुमोदन के बाद ही मुद्रित होता है; ऐसे में इतनी बड़ी चूक का सामने आना परीक्षा संस्था की निगरानी प्रणाली पर सीधे सवालिया निशान लगाता है। ज्ञापन में मांग की गई है कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए, प्रश्नपत्र चयन समिति की भूमिका की समीक्षा हो, और व्यापमं इस पर आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी करे।
इसके साथ ही, सेन समाज ने परीक्षार्थियों के हितों का ध्यान रखते हुए सुधारात्मक कदम उठाने और भविष्य के लिए स्पष्ट मार्गदर्शिका तय करने का आग्रह किया है। ज्ञापन में पूर्व के संदर्भों का उल्लेख करते हुए याद दिलाया गया कि समाज की गरिमा को ध्यान में रखते हुए बोलचाल के अपमानजनक व विकृत संबोधनों को विलोपित कर विधिवत ‘नाई’ शब्द के उपयोग की व्यवस्था दी गई थी। अतः शासन को इस विषय पर पूर्ण संवेदनशीलता दिखाते हुए त्वरित संज्ञान लेना चाहिए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान रामगोपाल सेन, कमल नारायण शांडिल्य, बसंत सेन, गोलू सेन तथा डेरहा राम सेन सहित समाज के अनेक प्रमुख पदाधिकारी एवं गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
