अम्बिकापुर। श्री सर्वेश्वरी समूह का 66वाँ स्थापना दिवस यहाँ श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। स्थापना दिवस समारोह की शुरुआत सुबह 6:30 बजे आश्रम प्रांगण में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके उपरांत निकली भव्य प्रभातफेरी शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों का भ्रमण करते हुए पुनः आश्रम परिसर पहुँची। यहाँ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच ध्वजारोहण, पूजन और आरती के बाद ‘सफल’ पाठ संपन्न हुआ।
इस अवसर पर नगर निगम के सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, एमआईसी सदस्य मनीष सिंह एवं पूर्व पार्षद आकाश गुप्ता के मुख्य आतिथ्य में ‘अघोरेश्वर मार्ग’ का विधिवत लोकार्पण किया गया। इस लोकार्पण के बाद अब आकाशवाणी चौक से गांधी चौक तक के मार्ग को ‘अघोरेश्वर मार्ग’ के नाम से जाना जाएगा।
लोकार्पण के पश्चात आश्रम परिसर में एक विचार गोष्ठी का आयोजन हुआ, जिसमें अतिथियों एवं आश्रमवासियों ने श्री सर्वेश्वरी समूह के सेवा कार्यों, दर्शन और जनकल्याणकारी उद्देश्यों पर अपने विचार साझा किए। आमंत्रित अतिथियों ने संस्था से जुड़े अपने प्रेरक संस्मरण भी प्रस्तुत किए। अंत में सभी उपस्थित श्रद्धालुओं व आश्रमवासियों के बीच प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ।
