– पांच साल के आंकड़ों ने खोली खनिज विभाग की कार्रवाई की तस्वीर, अगस्त 2026 तक 1,815 परिवहन प्रकरण दर्ज
जांजगीर-चांपा। जिले में अवैध खनन, अवैध परिवहन और अवैध भंडारण के खिलाफ विभाग द्वारा की गई कार्रवाई के आंकड़े चौंकाने वाले हैं। उपलब्ध विभागीय आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2022-23 से अगस्त 2026 तक अवैध उत्खनन के 104 प्रकरणों में 87.56 लाख रुपये, अवैध परिवहन के 1,815 प्रकरणों में 2.75 करोड़ रुपये तथा अवैध भंडारण के 46 प्रकरणों में 94.36 लाख रुपये की राशि वसूल किए जाने की जानकारी दर्ज है।
आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2022-23 में अवैध परिवहन के 239 प्रकरण दर्ज हुए थे, जो 2025-26 में बढ़कर 487 तक पहुंच गए। इसी अवधि में अवैध उत्खनन के मामले भी 2 से बढ़कर 40 और अवैध भंडारण के मामले 4 से बढ़कर 16 हो गए।
सबसे अहम सवाल यह है कि लगातार कार्रवाई और लाखों-करोड़ों की वसूली के बावजूद अवैध खनन-परिवहन का सिलसिला आखिर क्यों नहीं रुक रहा? क्या कार्रवाई केवल प्रकरण दर्ज करने और जुर्माना वसूलने तक सीमित है?
अगस्त 2026 तक ही अवैध परिवहन के 237 प्रकरणों में करीब 48.89 लाख रुपये की वसूली दर्ज है। ऐसे में अब जरूरत सिर्फ कार्रवाई की संख्या बताने की नहीं, बल्कि अवैध कारोबार के पीछे जिम्मेदार नेटवर्क और संरक्षण की जांच की भी है।
