अम्बिकापुर। स्कूल जाने के लिए निकली नाबालिग छात्रा को शादी का झांसा देकर अगवा करने और दुष्कर्म की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को लखनपुर पुलिस ने गोवा से धर दबोचा है। पुलिस टीम ने अपहृत पीड़िता को आरोपी के कब्जे से सकुशल बरामद कर लिया है, वहीं आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
घटनाक्रम के अनुसार, 28 जुलाई 2026 को पीड़िता के पिता ने लखनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग पुत्री सुबह घर से स्कूल जाने के लिए निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों द्वारा रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में काफी तलाश की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। परिजनों ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने की आशंका जताई थी। प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 137(2) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।
नाबालिग से जुड़े गंभीर अपराध को देखते हुए पुलिस टीम ने लगातार सुराग जुटाए और तकनीकी व मैदानी जांच के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रैक की। पुलिस के सतत प्रयासों से पीड़िता को गोवा के कुकली क्षेत्र से आरोपी महेश मिंज के कब्जे से दस्तयाब किया गया। पूछताछ के दौरान पीड़िता ने बताया कि आरोपी उसे बहला-फुसलाकर गोवा ले गया था और शादी का झांसा देकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया।
पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए आरोपी ने अपनी पहचान 22 वर्षीय महेश मिंज (पिता छोट्या मिंज, निवासी चुकनडांड सेमरपारा, थाना लखनपुर) के रूप में बताई। कड़ाई से पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद मामले में बीएनएस की धारा 65(1) और पॉक्सो (POCSO) एक्ट की धारा 4 व 6 जोड़ी गई। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया गया।
इस त्वरित और सफल कार्रवाई में लखनपुर थाना प्रभारी उप निरीक्षक सम्पत पोटाई, सहायक उप निरीक्षक निर्मला कश्यप, सहायक उप निरीक्षक मनीष तिवारी, आरक्षक जगेश्वर बघेल और राजेंद्र लकड़ा की मुख्य व सक्रिय भूमिका रही।
