अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के सीतापुर में ज्वेलर की स्कूटी से एक करोड़ रुपये मूल्य के गहने पार करने के चर्चित मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। साइबर सेल और थाना सीतापुर की संयुक्त टीम ने ओडिशा के जाजपुर में दबिश देकर वारदात में शामिल दूसरे आरोपी शंकर प्रधान उर्फ बिन्नू को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पुलिस पूर्व में एक आरोपी को गिरफ्तार कर करीब 46 लाख रुपये के आभूषण बरामद कर चुकी है।
यह वारदात 26 जुलाई 2026 की सुबह घटी थी। प्रार्थी अरुणदेव सोनी जब सीतापुर हाईस्कूल के पास स्थित अपनी दुकान ‘काशी विश्वनाथ ज्वेलर्स’ खोलने पहुंचे और स्कूटी खड़ी कर शटर उठा रहे थे, तभी अज्ञात गिरोह के सदस्यों ने नजर बचाकर स्कूटी के सामने रखा गहनों से भरा बैग पार कर दिया। बैग में लगभग एक करोड़ रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात थे। व्यवसायी की शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने पूर्व में आरोपी दास नागेश्वर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 300.92 ग्राम सोना (कीमत लगभग 43 लाख रुपये) और 1 किलो 168 ग्राम चांदी (कीमत लगभग 3 लाख रुपये) बरामद कर उसे जेल भेज दिया था।
जांच आगे बढ़ाते हुए पुलिस टीम ने आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। इसी दौरान ओडिशा के जाजपुर जिले के थाना कोरई अंतर्गत ग्राम पुरबो कोट से 30 वर्षीय शंकर प्रधान उर्फ बिन्नू को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर संगठित गिरोह बनाकर इस वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी की स्वीकारोक्ति के बाद मामले में बीएनएस की संगठित अपराध से संबंधित धाराएं भी जोड़ी गई हैं। पुलिस के अनुसार गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश तेज कर दी गई है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस पूरी कार्रवाई में उप निरीक्षक रघुनाथ राम भगत, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, अखिलेश्वर भगत तथा आरक्षक मनीष सिंह, मनोहर पैकरा और धनकेश्वर यादव की मुख्य भूमिका रही।
