जांजगीर-चांपा। अवैध जुआ फड़ों के खिलाफ जांजगीर पुलिस ने आक्रामक रुख अपनाते हुए एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। कोतवाली पुलिस और क्विक रिस्पांस टीम ने गोरिल्ला रणनीति अपनाते हुए ग्राम बनारी मुख्य मार्ग के पास स्थित एक मकान को चारों तरफ से घेर लिया। अचानक दी गई इस दबिश में मौके से 9 जुआरियों को रंगे हाथों पकड़ा गया, जबकि उनके पास से 4 लाख 28 हजार 420 रुपए नकद, ताश की गड्डियां और अन्य सामग्री बरामद की गई।
पुलिस को गश्त के दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि बनारी के एक निजी मकान में बड़े पैमाने पर जुए की महफिल सजी है। खबर मिलते ही अधिकारियों ने सतर्कता बरतते हुए संयुक्त टीम तैयार की और पूरे इलाके को इस तरह घेरा कि किसी को भागने का अवसर न मिले। पुलिस की इस सुनियोजित छापामारी से मौके पर हड़कंप मच गया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में भैरव मिश्रा उर्फ मोगली, अखिलेश राठौर, रामनारायण राठौर, धीरज पाठक, राहुल बजाज, तालिब खान, अविनाश राठौर, मुकेश बजाज और कृष्ण कुमार चंद्रा शामिल हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यॉर्क और सीएसपी योगिता बाली खापर्डे के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पूरी हुई। पुलिस अब उस मकान मालिक की भूमिका की भी जांच कर रही है जहां यह फड़ संचालित हो रहा था। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ, सट्टा और अवैध गतिविधियों के खिलाफ यह धरपकड़ अभियान आगे भी पूरी सख्ती से जारी रहेगा।
