अम्बिकापुर…आमतौर पर जन्मदिन के मौके पर लोग परिवार और दोस्तों के साथ जश्न मनाते हैं, लेकिन सरगुजा पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस उप महानिरीक्षक राजेश अग्रवाल ने अपने जन्मदिन को कुछ खास अंदाज में मनाया। रविवार 20 सितंबर को उन्होंने अपना जन्मदिन दिव्यांग बच्चों के बीच पहुंचकर मनाया और उनके साथ वक्त बिताकर खुशियां साझा कीं।
एसपी राजेश अग्रवाल दोपहर में परिवार के साथ आशा निकुंज Diahabeld Girls School पहुंचे, जहां उन्होंने दिव्यांग बच्चियों के साथ अपना जन्मदिन मनाया। उन्होंने बच्चों के साथ काफी समय बिताया, उनसे बातचीत की और उनके बीच जन्मदिन की खुशियां बांटीं। इस दौरान बच्चों के चेहरों पर भी उत्साह और खुशी नजर आई।
इसके बाद एसपी समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित दिव्यांग बच्चों के आश्रम भी पहुंचे। यहां भी उन्होंने बच्चों के साथ समय बिताया और उनके बीच जन्मदिन मनाया। जन्मदिन को इस तरह मनाने का यह अंदाज पुलिस अधिकारी की संवेदनशीलता और समाज के वंचित एवं विशेष जरूरत वाले वर्ग के प्रति जुड़ाव को सामने लाता है।
मंदिर में परिवार के साथ किया दर्शन
जन्मदिन के अवसर पर एसपी राजेश अग्रवाल ने सुबह सपरिवार लमगांव स्थित हनुमान मंदिर पहुंचकर दर्शन किए। इसके बाद उन्होंने मां महामाया मंदिर में भी पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।
मिलनसार छवि के लिए अलग पहचान
राजेश अग्रवाल सरगुजा में पुलिसिंग की कमान संभालने के साथ-साथ अपने मिलनसार व्यवहार और समाज के विभिन्न वर्गों के साथ बेहतर तालमेल के लिए भी जाने जाते हैं। उनके जन्मदिन पर जिले के अलग-अलग समाजों, जनप्रतिनिधियों, पुलिस विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
हालांकि जन्मदिन तो हर साल आता है, लेकिन इस बार दिव्यांग बच्चों के बीच पहुंचकर उनके साथ खुशियां बांटने के अंदाज ने इस दिन को खास बना दिया।
