@संजय यादव
– जगह-जगह केक, बधाइयां और समर्थकों का जमावड़ा बना सियासी चर्चा का विषय; क्या चुनावी लॉन्चिंग की तैयारी?
जांजगीर/सक्ति। जन्मदिन तो हर साल आता है, लेकिन जब जन्मदिन का जश्न विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग हिस्सों में दिखाई देने लगे तो राजनीति में उसके मायने तलाशे जाने लगते हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत के सुपुत्र सूरज महंत के जन्मदिन पर सक्ती विधानसभा क्षेत्र में जगह-जगह हुए सेलिब्रेशन ने कुछ ऐसा ही राजनीतिक माहौल तैयार कर दिया है।
कहीं केक काटा गया, कहीं समर्थकों ने बधाइयां दीं तो कहीं जन्मदिन के बहाने सूरज महंत की मौजूदगी और सक्रियता का संदेश देने की कोशिश नजर आई। अब सियासी गलियारों में सवाल तैर रहा है—यह महज जन्मदिन का जश्न था या चुनावी मैदान में उतरने से पहले का ट्रेलर?
राजनीतिक जानकार इन आयोजनों को सामान्य जन्मदिन समारोह से जोड़कर नहीं देख रहे हैं। उनका मानना है कि जिस तरह सक्ती विधानसभा क्षेत्र में जगह-जगह सूरज महंत का जन्मदिन मनाया गया, उससे क्षेत्र में उनकी राजनीतिक स्वीकार्यता और संगठनात्मक पकड़ का संदेश देने का प्रयास साफ दिखाई देता है।
चर्चा यह भी है कि आगामी विधानसभा चुनाव में डॉ. चरणदास महंत के राजनीतिक उत्तराधिकारी के रूप में सूरज महंत को सक्ती से मैदान में उतारने की संभावनाओं पर पार्टी के भीतर मंथन हो सकता है। हालांकि अभी इसे लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन जन्मदिन के बहाने हुए आयोजनों ने इस अटकल को जरूर हवा दे दी है।
सियासी जानकारो की मानें तो केक की परतों के नीचे राजनीति की परतें तलाशना शुरू हो गया है। जन्मदिन की मोमबत्तियां बुझीं जरूर, लेकिन सक्ती की राजनीति में एक सवाल छोड़ गईं। क्या यह सिर्फ बर्थडे सेलिब्रेशन था या भविष्य के प्रत्याशी की अनौपचारिक लॉन्चिंग?
फिलहाल जवाब समय देगा, लेकिन इतना जरूर है कि सूरज महंत के जन्मदिन ने सक्ती की सियासत का तापमान जरूर बढ़ा दिया है।
