रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू (H1N1) का प्रसार चिंता बढ़ा रहा है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा बुधवार को जारी ताजा रिपोर्ट के अनुसार, 1 जनवरी से 1 सितंबर तक प्रदेश भर में कुल 158 लोग इस वायरस की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 37 मरीजों का वर्तमान में उपचार जारी है, जबकि दुर्ग और राजधानी रायपुर संक्रमण से सर्वाधिक प्रभावित जिलों के रूप में सामने आए हैं।
आंकड़ों के विश्लेषण से स्पष्ट होता है कि कुल मामलों की दृष्टि से रायपुर 66 मरीजों के साथ सबसे आगे है, जहां वर्तमान में 8 सक्रिय केस हैं। वहीं, एक्टिव केस के मामले में दुर्ग जिला शीर्ष पर है, जहां कुल 17 मामलों में से सर्वाधिक 9 मरीज उपचाराधीन हैं। राज्य के अन्य प्रमुख प्रभावित जिलों में बिलासपुर (20 केस), रायगढ़ (10 केस), धमतरी और कोरबा (9-9 केस), राजनांदगांव (4 केस), तथा बस्तर व बेमेतरा (3-3 केस) शामिल हैं। इसके अलावा जांजगीर-चांपा, कांकेर, सूरजपुर और सरगुजा में 2-2, जबकि बालोद, बलौदाबाजार, दंतेवाड़ा, गरियाबंद, जशपुर, महासमुंद, एमसीबी, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और सक्ती में 1-1 मरीज दर्ज किए गए हैं।
एक्टिव मरीजों की वर्तमान स्थिति देखें तो दुर्ग (9) और रायपुर (8) के बाद कोरबा में 4, रायगढ़ में 3, बस्तर और राजनांदगांव में 2-2 मरीज हैं। बालोद, बलौदाबाजार, बेमेतरा, धमतरी, जशपुर, कांकेर, महासमुंद, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और सूरजपुर में 1-1 सक्रिय संक्रमित की निगरानी की जा रही है। राहत की बात यह है कि बलरामपुर, बीजापुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कोंडागांव, कोरिया, मुंगेली, नारायणपुर, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और सुकमा जिले इस समयावधि में संक्रमण से पूरी तरह अछूते रहे हैं।
