अम्बिकापुर..(सीतापुर/अनिल उपाध्याय)..महिला पर चोरी का संदेह जताते हुए पड़ोसी युवक ने डंडे से उसकी बेदम पिटाई कर दी।इस घटना के बाद गंभीर रूप से घायल महिला ने पिटाई के कुछ देर बाद दम तोड़ दिया।महिला की मौत के बाद युवक ने इस मामले को दबाने के लिए उसके कफ़न दफन की तैयारी कर ली थी।इसी बीच मोहल्ले वालों ने पुलिस को सूचना दे दी।सूचना के बाद मौके पर पहुँची पुलिस ने महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए हॉस्पिटल भिजवाया।इस मामले में पुलिस ने मृतिका के पति के रिपोर्ट पर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार खाल बगीचा स्थित अटल आवास निवासी 38 वर्षीय संजय चौहान आ फुलसाय चौहान ने चोरी के संदेह में पड़ोस में रहने वाली महिला मानकी उर्फ संतोषी यादव की बेरहमी से पिटाई कर दी।युवक ने डंडे से महिला को इतनी बेरहमी से पीटा की उसका एक पैर टूट गया और वो गंभीर रूप से घायल हो गई।पिटाई के बाद गंभीर रूप से घायल महिला घँटों बेहोश पड़ी रही और उपचार के अभाव में उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।इस घटना के बाद मामले को दबाने की नीयत से युवक अपने साथियों समेत उसके कफ़न दफन की तैयारी में जुटा हुआ था।
इसी बीच मोहल्ले वालों ने पुलिस को इस घटना के बारे में सूचित करते हुए सारी वस्तुस्थिति से अवगत करा दिया।सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुँची और शव को पोस्टमार्टम के लिए हॉस्पिटल भिजवाने के बाद युवक को पकड़कर थाने ले आई।थाने में लाकर कड़ाई से पूछताछ के दौरान युवक ने महिला की हत्या की बात स्वीकार करते हुए अपना जुर्म कबूल लिया।युवक द्वारा जुर्म कबूलने के बाद पुलिस ने मृतिका के पति संतोष कुमार यादव की रिपोर्ट पर युवक के विरुद्ध धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज करते हुए गिरफ्तार कर लिया है।रात होने की वजह से शव का पोस्टमार्टम नही किया जा सका अगली सुबह उसका पोस्टमार्टम किया जायेगा।
इस कार्यवाही में थाना प्रभारी अखिलेश सिंह, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक अनिल यादव, एएसआई शशिप्रभा दास समेत पुलिस के जवान शामिल थे।
