बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से मानव-हाथी द्वंद्व की एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। रामानुजगंज वन परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले शिवपुर जंगल में रविवार सुबह एक जंगली नर हाथी ने ग्रामीण को बुरी तरह कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम निवासी इन्द्रनाथ सिंह रोज की तरह सुबह करीब 5:30 बजे अपनी भैंसों को चराने के लिए जंगल की ओर निकले थे। इसी दौरान झारखंड सीमा की तरफ से भटककर आए एक आक्रामक नर हाथी से उनका अचानक आमना-सामना हो गया। जब तक इन्द्रनाथ खुद को बचा पाते, हाथी ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीणों को घटना की सूचना मिली, जिसके बाद इलाके में दहशत फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग और स्थानीय पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वन विभाग की टीम ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल रामानुजगंज भेज दिया है।
सीमावर्ती इलाकों में लगातार हो रही हाथियों की आवाजाही को देखते हुए वन विभाग ने आसपास के ग्रामीणों को जंगल की ओर न जाने और सतर्क रहने की सख्त हिदायत दी है।
