अम्बिकापुर। स्वतंत्रता दिवस यानी ‘ड्राई डे’ पर शराब खपाने की फिराक में लगे एक शातिर ऑटो चालक के मंसूबों पर आबकारी विभाग ने पानी फेर दिया। संभागीय उड़नदस्ता और जिला आबकारी सरगुजा की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बाबूपारा निवासी आरोपी आनंद सोनी को भारी मात्रा में विदेशी शराब के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर आबकारी दल ने आरोपी के किराए के मकान पर औचक दबिश दी। तलाशी के दौरान टीम को उसके ऑटो से ‘8 पीएम’ व्हिस्की की 7 बोतलें मिलीं। वहीं घर के भीतर रखे फ्रिज से ‘सिम्बा’ बियर की 12 बोतलें व ‘गॉडफादर’ बियर की 6 बोतलें तथा कमरे से 13 बोतल व्हिस्की और 16 बियर केन बरामद किए गए।
टीम ने मौके से कुल 27.2 लीटर अवैध विदेशी मदिरा के साथ शराब परिवहन व भंडारण में इस्तेमाल किए जा रहे ऑटो और फ्रिज को भी जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1), 34(2) एवं 59(क) के तहत गैर-जमानती अपराध पंजीबद्ध कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे सीधे जेल भेज दिया गया।
यह पूरी कार्रवाई जिला आबकारी अधिकारी इन्द्रबली सिंह मार्कण्डेय के निर्देशन तथा सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के कुशल मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक पूरी की गई।
