अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भवराडाँड़ में बेखौफ अपराधियों ने कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ाते हुए एक ही दुकान को महीने भर में दूसरी बार निशाना बनाया है। मांड नदी के पास मुख्य मार्ग पर स्थित सत्यनारायण कुशवाहा के ग्राहक सेवा केंद्र और किराना दुकान में सोमवार देर रात शातिर चोरों ने धावा बोलकर नकदी सहित हजारों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। हैरान करने वाली बात यह है कि चोरों ने वारदात से पहले पीड़ित और उनके पड़ोसी रिश्तेदारों को घरों के बाहर से कुंडी लगाकर कैद कर दिया था, जिससे पुलिस गश्त और इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
यह घटना सोमवार देर रात की है, जब संचालक सत्यनारायण कुशवाहा हमेशा की तरह दुकान बंद कर पीछे बने अपने मकान में सो रहे थे। आधी रात को पहुंचे नकाबपोश बदमाशों ने सबसे पहले दुकान के शटर का ताला तोड़ा और भीतर दाखिल हुए। बड़े ही पेशेवर अंदाज़ में चोरों ने गल्ले में रखे ₹9,000 नकद पार किए और निकल गए। हालांकि, अपराधियों के हौसले इतने बुलंद थे कि वे कुछ ही देर में दोबारा लौटे और दुकान में रखा लगभग ₹10,000 का किराना सामान भी समेट कर फरार हो गए। पहचान छिपाने के लिए शातिर बदमाशों ने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था ताकि दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में उनके चेहरे दर्ज न हो सकें।
मंगलवार की सुबह जब परिजनों ने बाहर निकलने की कोशिश की, तो दरवाजा बाहर से बंद मिला। काफी मशक्कत के बाद जब ताला खोलकर सत्यनारायण बाहर आए, तो दुकान का टूटा हुआ शटर और बिखरा सामान देखकर उनके होश उड़ गए। पीड़ित दुकानदार ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। गौरतलब है कि महज एक माह पूर्व भी इसी स्थान पर चोरों ने धावा बोलकर ₹4.22 लाख की बड़ी रकम पार कर दी थी। उस वक्त पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में साफ कैद होने और थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने के बावजूद पुलिस आज तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं लगा सकी है। एक ही पीड़ित के यहाँ महीने भर में दूसरी बार हुई इस वारदात ने स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली और नाकामी को उजागर कर दिया है।
मामले की गंभीरता पर जब एसडीओपी तुलसिंह पट्टावी से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि पुलिस टीम पूरी मुस्तैदी से काम कर रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस कटिबद्ध है और जल्द ही इन घटनाओं पर प्रभावी रोक के साथ-साथ आरोपियों को शिकंजे में लिया जाएगा।
