– कांग्रेस विधायक व्यास कश्यप का हमला- “भाजपा में टिकट से लेकर नियुक्तियां तक बिकती हैं”, वायरल पोस्ट के बाद भाजपा नेताओं ने दी सफाई
जांजगीर-चांपा। पामगढ़ के बाद अब जांजगीर-चांपा जिले में भी एल्डरमैन नियुक्ति को लेकर राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। भाजपा के भीतर एल्डरमैन नियुक्तियों में कथित पैसे के लेन-देन की चर्चाओं ने संगठन की सियासत गरमा दी है। सूत्रों के अनुसार, जिला भाजपा अध्यक्ष अम्बेश जांगड़े के खिलाफ प्रदेश संगठन तक शिकायतें पहुंचने की चर्चा है, जिसके बाद जिले की राजनीति में हलचल मच गई है।
इस बीच कांग्रेस विधायक व्यास कश्यप ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि भाजपा में नियुक्तियों और टिकटों की खरीद-फरोख्त कोई नई बात नहीं है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के टिकट से लेकर पार्षद पद तक की दावेदारी में पैसे का खेल चलता रहा है और अब एल्डरमैन नियुक्ति को लेकर भी वही आरोप सामने आ रहे हैं।
विवाद तब और बढ़ गया जब सोशल मीडिया पर एल्डरमैन नियुक्ति को लेकर एक पोस्ट वायरल हुई। वायरल पोस्ट के बाद पामगढ़ के भाजपा नेता शरद चंद शर्मा ने सार्वजनिक रूप से सफाई देते हुए आरोपों को निराधार बताया। वहीं जिला भाजपा अध्यक्ष अम्बेश जांगड़े ने भी पूरे मामले को अपनी राजनीतिक छवि धूमिल करने की साजिश करार दिया और कहा कि विपक्ष व कुछ लोग जानबूझकर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं।
फिलहाल इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है लेकिन वायरल पोस्ट, राजनीतिक बयानबाजी और संगठन तक शिकायत पहुंचने की चर्चाओं ने जिले की राजनीति में हलचल जरूर मचा दी है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि भाजपा संगठन इस पूरे मामले पर क्या रुख अपनाता है और क्या शिकायतों की जांच कर कोई कार्रवाई होती है।
