सक्ती। छत्तीसगढ के सक्ती जिले के हरेठी स्थित ‘पापा ढाबा’ से स्वच्छता और सेहत से खिलवाड़ का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। ढाबे के जेंट्स टॉयलेट के भीतर कर्मचारियों द्वारा खाने-पीने की प्लेटें, कटोरियां और अन्य बर्तन धोए जा रहे थे। वहां खाना खाने पहुंचे एक सतर्क ग्राहक ने इस घिनौनी करतूत को अपने कैमरे में कैद कर लिया, जिसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
वीडियो के सामने आते ही खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग तुरंत हरकत में आया और मामले की पड़ताल शुरू की। विभागीय जांच में वायरल वीडियो पूरी तरह सच पाया गया, जिसके बाद प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए पापा ढाबा का खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित (सस्पेंड) कर दिया है।
कार्रवाई के साथ ही विभाग ने ढाबा संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। खाद्य विभाग के अधिकारियों ने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि संचालक की ओर से तय समय सीमा के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया, तो ढाबे का लाइसेंस स्थायी रूप से निरस्त (रद्द) कर दिया जाएगा।
