अम्बिकापुर। सरगुजा जिले में जारी मूसलाधार बारिश ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। लगातार हो रही बारिश के कारण बतौली ब्लॉक स्थित मान नदी उफान पर है, जिससे नदीपारा-मंगारी पुलिया तेज बहाव में पूरी तरह जलमग्न हो चुकी है। इस वजह से वीरिमकेला, महेशपुर, नकना, बटईकेला और सरमना गांवों का राष्ट्रीय राजमार्ग-43 (NH-43) से सीधा संपर्क टूट गया है और इन क्षेत्रों का आवागमन पूरी तरह ठप्प हो गया है।
हर साल मानसून के दौरान ग्रामीणों को इस विकट समस्या से जूझना पड़ता है। पुलिया पर न तो सुरक्षा रेलिंग लगी है और न ही कोई चेतावनी या संकेतक बोर्ड, जिसके कारण ग्रामीण हर दिन अपनी जान जोखिम में डालकर उफनती नदी पार करने को मजबूर हैं। स्थानीय निवासी बीते कई वर्षों से यहाँ उच्च स्तरीय पक्के पुल के निर्माण की गुहार लगा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका है। फिलहाल, क्षेत्र में बारिश थमने और नदी का जलस्तर घटने के बाद ही इस मार्ग पर आवागमन बहाल होने की उम्मीद है।
