रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सरोना स्थित IDZ परीक्षा केंद्र में रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) की परीक्षा के दौरान नकल का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक परीक्षार्थी को मोबाइल फोन के जरिए प्रश्न पत्र की तस्वीरें लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्र प्रभारी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी अभ्यर्थी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी अभ्यर्थी ने परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल ले जाने के लिए बेहद शातिर तरीका अपनाया था। उसने सुरक्षा जांच से बचने के लिए अपने डबल अंडरगारमेंट में मोबाइल फोन छिपाकर रखा था। परीक्षा शुरू होने के बाद वह चुपके से मोबाइल निकालकर कंप्यूटर स्क्रीन पर आ रहे सवालों के फोटो खींच रहा था, तभी ड्यूटी पर तैनात पर्यवेक्षकों (इन्विजिलेटर्स) की नजर उस पर पड़ गई।
संदेह होने पर जब अभ्यर्थी की सघन तलाशी ली गई, तो उसके पास से एक सैमसंग कंपनी का मोबाइल फोन बरामद हुआ। इसके अलावा पुलिस ने मौके से आरोपी का प्रवेश पत्र और अन्य पहचान पत्र भी जब्त कर लिए हैं। इस धोखाधड़ी के सामने आने के बाद परीक्षा केंद्र में कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया था।
इस पूरे मामले में रायपुर के डीडी नगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी अभ्यर्थी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं और लोक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी इन तस्वीरों को किसे भेजने वाला था और इस नकल गिरोह में कोई अन्य बाहरी तत्व शामिल है या नहीं।
