गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। जिले के टेंगनमाढ़ा रेलवे स्टेशन पर बीती देर रात एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जहां मुख्य रेल ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात युवक की दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक का शव कई हिस्सों में कटकर करीब 100 मीटर के दायरे में फैल गया। घटना की जानकारी तब हुई जब वहां से गुजर रही एक ट्रेन के लोको पायलट ने ट्रैक पर शव बिखरा देख तुरंत स्टेशन प्रबंधन को इसकी सूचना दी।
खबर मिलते ही जीआरपी पेंड्रारोड की टीम मौके पर पहुंची और क्षत-विक्षत हो चुके शव के हिस्सों को समेटकर बोरी में भरा, जिसके बाद ट्रैक को साफ कराया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हालांकि, मृतक की पहचान अब भी एक बड़ी चुनौती बनी हुई है, क्योंकि तलाशी के दौरान उसके पास से ऐसा कोई भी दस्तावेज या पहचान पत्र नहीं मिला जिससे उसका नाम-पता मालूम हो सके। युवक के शरीर पर सिर्फ नीले रंग की जींस है।
फिलहाल, जीआरपी ने आसपास के ग्रामीणों और आम जनता से अपील की है कि यदि इस हुलिये का कोई भी व्यक्ति लापता हो, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। मामले की जांच जारी है।
