राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां डोंगरगांव क्षेत्र के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बीजेभाठा में मधुमक्खियों के अचानक हुए हमले से करीब 40 स्कूली बच्चे घायल हो गए। यह हादसा उस वक्त हुआ जब सुबह स्कूल के प्रांगण में सामूहिक प्रार्थना चल रही थी। बताया जा रहा है कि परिसर के पास ही एक पेड़ पर मधुमक्खियों का बड़ा छत्ता था। आशंका जताई जा रही है कि किसी पक्षी की हलचल के कारण मधुमक्खियां भड़क गईं और उन्होंने अचानक मैदान में मौजूद बच्चों पर धावा बोल दिया। इस औचक हमले से स्कूल परिसर में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए स्कूल प्रबंधन ने तुरंत तत्परता दिखाई और स्थानीय डॉक्टरों की टीम व स्वास्थ्य विभाग को सूचित किया। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य महकमा तुरंत हरकत में आया। आनन-फानन में लगभग 15 से 20 बच्चों को डोंगरगांव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया गया, जबकि अन्य बच्चों को स्कूल परिसर में ही प्राथमिक उपचार दिया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. नेतराम नवरत्न ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि खंड चिकित्सा अधिकारी (BMO) के जरिए घटना की जानकारी मिलते ही डॉक्टरों की टीम तैनात कर दी गई थी। राहत की बात यह है कि सभी बच्चों को समय पर आवश्यक दवाएं दे दी गई हैं और फिलहाल किसी भी बच्चे की स्थिति गंभीर नहीं है। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और प्राथमिक उपचार के बाद कई बच्चों को अस्पताल से छुट्टी भी दे दी गई है, जबकि कुछ बच्चों को डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।
