जांजगीर-चांपा। जिले के नैला नगर पालिका में आज होने वाला एल्डरमैन शपथ ग्रहण समारोह शुरू होने से पहले ही विवादों में घिर गया है। आरोप है कि नगर पालिका प्रशासन ने पूरे कार्यक्रम को महज औपचारिकता बनाकर रख दिया है। न तो निमंत्रण पत्र छपवाए गए, न ही अतिथियों की विधिवत सूची जारी की गई। सबसे हैरानी की बात यह है कि शपथ लेने वाले मनोनीत पांचों एल्डरमैन तक को केवल मौखिक सूचना देकर बुलाया गया, जबकि निर्वाचित पार्षदों को भी कोई लिखित आमंत्रण नहीं भेजा गया।
नगर पालिका के इस रवैये को लेकर भाजपा के नवनियुक्त एल्डरमैन और कई निर्वाचित पार्षदों में गहरी नाराजगी बताई जा रही है। उनका कहना है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शपथ ग्रहण जैसे गरिमामयी कार्यक्रम की अपनी एक परंपरा और सम्मान होता है, लेकिन अधिकारियों ने इसकी गरिमा को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया। कार्यक्रम की तैयारी, आमंत्रण व्यवस्था और समन्वय में गंभीर लापरवाही साफ दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि आज शाम 4 बजे नपा कार्यालय के सभा कक्ष में शपथ ग्रहण का औपचारिक कार्यक्रम किया जाएगा।
राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि यदि शपथ ग्रहण जैसे महत्वपूर्ण आयोजन को भी सिर्फ खानापूर्ति की तरह आयोजित किया जाएगा, तो इससे मनोनीत जनप्रतिनिधियों का सम्मान प्रभावित होगा और प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठना स्वाभाविक है। भाजपा कार्यकर्ताओं और पार्षदों के बीच यह चर्चा भी तेज है कि आखिर नगर पालिका प्रशासन इस कार्यक्रम को इतनी उदासीनता और औपचारिकता के साथ क्यों आयोजित कर रहा है।
अब सभी की नजर शपथ ग्रहण समारोह पर है कि यह कार्यक्रम गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न होता है या फिर नगर पालिका की अव्यवस्था और जनप्रतिनिधियों की नाराजगी ही इसकी सबसे बड़ी पहचान बनकर रह जाएगी।
