अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ कोयला खदान से ड्यूटी कर घर लौट रहे एक मोटरसाइकिल सवार युवक को तेज रफ्तार हाइवा वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 8 बजे ग्राम दावा में महाकाल ढाबा के समीप यह दुर्घटना हुई। घायल युवक की पहचान ग्राम खरसुरा निवासी 30 वर्षीय पप्पू यादव के रूप में हुई है। वह खदान से अपनी ड्यूटी पूरी कर बाइक से घर लौट रहा था, तभी विपरीत दिशा से आ रहे हाइवा ने उसे चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक के सिर, कंधे, कमर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) उदयपुर ले जाया गया। जहाँ डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय अम्बिकापुर रेफर कर दिया है। फिलहाल उदयपुर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
