सूरजपुर। आज के युवाओं में रफ्तार और स्टंटबाजी का भूत इस कदर सवार है कि वे दूसरों के साथ-साथ अपनी जान दांव पर लगाने से भी गुरेज नहीं कर रहे हैं। पुलिस की सख्ती और भारी-भरकम जुर्माने के बावजूद रईस घरों के बिगड़ैल युवक यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने में शान समझ रहे हैं। ऐसा ही एक बेहद खतरनाक नजारा सूरजपुर जिले के अजबनगर से सटे प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मोरभंज से सामने आया है, जहां कुछ युवकों ने गाड़ियों के साथ सरेआम मौत का खेल खेला।
इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि करीब 4 से 5 कारों में सवार कुछ युवक चलती गाड़ी के दरवाजे खोलकर बाहर लटके हुए हैं। वे कभी कार को तेज रफ्तार में आगे दौड़ा रहे हैं, तो कभी खतरनाक तरीके से बैक गियर में स्टंट कर रहे हैं। इस दौरान मौके पर मौजूद उनके कुछ साथी उनका हौसला बढ़ा रहे थे, जिससे उत्साहित होकर वे और ज्यादा आक्रामक तरीके से गाड़ियां दौड़ाने लगे। वहां मौजूद कुछ जागरूक नागरिकों ने इस पूरी करतूत का वीडियो बना लिया और पुलिसिया कार्रवाई के लिए इसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया।
भौगोलिक दृष्टि से देखें तो सूरजपुर जिले के अजबनगर से महज 4 किलोमीटर और अम्बिकापुर से 10 किलोमीटर की दूरी पर स्थित ग्राम मोरभंज, पिल्खा पहाड़ की तलहटी में बसा एक बेहद खूबसूरत इलाका है। यह अपनी प्राकृतिक सुंदरता के कारण इन दिनों स्थानीय युवाओं और परिवारों के लिए पसंदीदा पिकनिक स्पॉट बना हुआ है। छुट्टियों के दिनों में यहां भारी भीड़ उमड़ती है। ऐसे में भीड़भाड़ वाले इस पर्यटन स्थल पर इस तरह की स्टंटबाजी किसी बड़े हादसे को न्योता दे रही है। पूर्व में भी इस डैम के पास कई दर्दनाक हादसे हो चुके हैं, लेकिन इसके बाद भी सबक नहीं लिया जा रहा है।
युवाओं की यह हरकत न केवल यातायात नियमों का खुला उल्लंघन है, बल्कि वहां घूमने आए निर्दोष पर्यटकों के लिए भी बड़ा खतरा है। अगर स्टंट के दौरान कोई गाड़ी अनियंत्रित हो जाती, तो मौके पर बड़ी जनहानि से इनकार नहीं किया जा सकता था। स्थानीय लोगों की मांग है कि पुलिस इस वीडियो के आधार पर गाड़ियों के नंबर ट्रेस करे और इन हुड़दंगियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करे।
गौरतलब है कि स्टंटबाजी का यह मर्ज सिर्फ मोरभंज तक सीमित नहीं है, बल्कि अंबिकापुर शहर की मुख्य सड़कों पर भी ऐसे नजारे आम हो चुके हैं। हाल ही में स्कूलों में फेयरवेल (विदाई समारोह) के दौरान छात्रों द्वारा कारों पर स्टंट करने के कई वीडियो सामने आए थे। हालांकि, तब सरगुजा पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए इन नाबालिग छात्र-छात्राओं के माता-पिता को तलब कर तगड़ा जुर्माना वसूला था। अब देखना होगा कि मोरभंज के इन रईसजादों पर कानून का डंडा कब चलता है, ताकि भविष्य में कोई ऐसी हिमाकत न कर सके।
