हनोई। वियतनाम के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल फु क्वोक द्वीप के पास शनिवार (11 जुलाई) को एक बड़ा हादसा हो गया, जहां भारतीय पर्यटकों से भरी एक स्पीडबोट अनियंत्रित होकर समुद्र में पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य लापता बताए जा रहे हैं। स्थानीय प्रशासन और राहत व बचाव दल के अधिकारी युद्धस्तर पर लापता लोगों की तलाश में जुटे हैं।
दक्षिणी वियतनाम के अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, इस वीभत्स हादसे का शिकार हुई स्पीडबोट पर 32 भारतीय पर्यटक और 4 क्रू मेंबर्स समेत कुल 36 लोग सवार थे। ‘होन मे रुट न्गोई’ द्वीप के समीप हुए इस हादसे के बाद अब तक 21 लोगों को सुरक्षित पानी से बाहर निकाल लिया गया है, जिनमें से दो पर्यटकों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। शेष लापता लोगों की तलाश के लिए गोताखोरों की मदद ली जा रही है। हालांकि, यह हादसा किस वजह से हुआ, इसके सटीक कारणों का पता अभी नहीं चल पाया है और स्थानीय पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस घटना की पुष्टि करते हुए गहरा दुःख व्यक्त किया है। दूतावास ने बताया कि वे स्थानीय अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं और घटना के सटीक विवरण जुटाए जा रहे हैं। प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता और हर संभव जानकारी प्रदान करने के लिए हो ची मिन्ह सिटी में भारत के कॉन्सुलेट जनरल (वाणिज्य दूतावास) के साथ-साथ हनोई में भी चौबीसों घंटे काम करने वाला एक विशेष कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया गया है।
इस संकट की घड़ी में मदद और आपातकालीन पूछताछ के लिए भारतीय दूतावास ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। हो ची मिन्ह सिटी के कंट्रोल रूम से संपर्क करने के लिए +84 36 281 7930, +84 91 552 3714 और +84 33 452 0414 नंबरों का उपयोग किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त, हनोई स्थित कंट्रोल रूम से सहायता प्राप्त करने के लिए पीड़ित परिवार +84 91 308 9165 पर संपर्क कर सकते हैं। दूतावास ने आश्वस्त किया है कि वे प्रभावित भारतीयों और उनके परिजनों की हरसंभव मदद के लिए पूरी तरह तत्पर हैं।
