कोण्डागांव। छत्तीसगढ़ के कोण्डागांव जिले के पलारी गांव में रविवार की रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब देशी मशरूम (फूटू) की सब्जी खाने से एक ही परिवार के आठ लोग फूड पॉइज़निंग का शिकार हो गए। देर रात करीब दो बजे अचानक देवांगन परिवार के सदस्यों की तबीयत बिगड़ने लगी, जिन्हें लगातार उल्टी, दस्त और तेज पेट दर्द की शिकायत के बाद आनन-फानन में एक निजी वाहन से जिला अस्पताल कोण्डागांव पहुंचाया गया। बीमार पड़ने वालों में तीन पुरुष, तीन महिलाएं और दो बच्चे शामिल हैं।
अस्पताल के डॉक्टरों ने तुरंत सभी मरीजों की जांच शुरू की, जिनमें से पांच लोगों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें वार्ड में भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया गया है। वहीं, अन्य तीन मरीजों की हालत सामान्य होने पर प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें निगरानी में रखा और फिर घर भेज दिया। फिलहाल अस्पताल प्रशासन भर्ती मरीजों की सेहत पर लगातार नजर बनाए हुए है।
इस घटना का असर केवल इसी परिवार तक सीमित नहीं रहा। जिला अस्पताल की चिकित्सक डॉ. ईशा दुग्गड़ ने बताया कि देवांगन परिवार ने वही मशरूम की सब्जी अपने पड़ोसियों को भी खाने के लिए दी थी। इसे खाने के बाद पड़ोसी परिवार के कुछ सदस्यों को भी पेट दर्द और उल्टी की शिकायत होने लगी, जिसके बाद वे भी इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों की टीम सभी प्रभावित मरीजों की स्थिति पर करीब से निगरानी रख रही है।
इस गंभीर घटना के बाद स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में उगने वाले जंगली या देशी मशरूम (फूटू) को खाने में विशेष सावधानी बरतें। विशेषज्ञों के मुताबिक, कई बार जहरीले मशरूम दिखने में बिल्कुल सामान्य खाद्य मशरूम जैसे ही होते हैं, जिससे लोग धोखा खा जाते हैं। बरसात में ऐसे मशरूम खाने से बचें और यदि मशरूम खाने के बाद उल्टी, दस्त, पेट दर्द या चक्कर आने जैसे कोई भी लक्षण दिखें, तो बिना समय गंवाए तुरंत नजदीकी अस्पताल जाकर डॉक्टरों से संपर्क करें।
